स्पेशल स्टोरी : Via –  Satya Hindi

लखनऊ में प्रियंका गाँधी का ज़बरदस्त रोड शो चल रहा है, मीडिया ने इसमें अपने आपको झोंका हुआ है, जैसे नये और चौंकाने वाले अंदाज़ में प्रियंका की राजनीति में एंट्री हुई वैसे ही हाईटेक अंदाज़ में यूपी में प्रियंका की लॉन्चिंग की तैयारियाँ भी हैं। सिंधिया भी इसका हिस्सा हैं। यह जानकर आप शायद चौंक जाएँगे कि प्रियंका और सिंधिया के पैर लखनऊ में पड़े भी नहीं थे कि उनकी आवाज़ 60 लाख लोगों तक पहुँच गई थी! तो इसका राज़ क्या है?

यह राज़ छुपा है नयेपन में। नये सिरे से तैयारी। नयी तकनीक। नया अंदाज़। फ़ेसबुक, ट्विटर जैसे माध्यमों पर ही निर्भरता नहीं। मैसेज से भी सीधे लोगों से संपर्क। सिर्फ़ कुछ सेकंड का संदेश। ख़ुद प्रियंका और सिंधिया की आवाज़ में। प्रियंका की मज़बूती सरलता और सहजता है तो उनका संदेश भी वैसा ही। सिंधिया में शाही अंदाज़ तो संदेश भी शाही आवाज़ में।

 

दरअसल, सोमवार को राहुल गाँधी प्रियंका गाँधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ पहुँच रहे हैं। लेकिन इससे पहले ही पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गाँधी और पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के रिकॉर्ड किया मैसेज उत्तर प्रदेश के 60 लाख लोगों को भेजे गए हैं।
पहले से रिकॉर्ड किए गए इन संदेशों में दोनों महासचिवों ने उत्तर प्रदेश के युवा और महिला, और कमज़ोर तबक़ों से कांग्रेस के साथ जुड़कर नई राजनीति को मज़बूत करने और प्रदेश के हालात बदलने की गुज़ारिश की है।

सरल और सहज है प्रियंका का संदेश :-
कांग्रेस के डाटा एनालिसिस विभाग के चेयरमैन प्रवीण चक्रवर्ती के मुताबिक़, पूर्वी उत्तर प्रदेश के 30 लाख वोटरों तक प्रियंका गाँधी वाड्रा का रिकॉर्ड किया गया संदेश भेजा गया है। 33 सेकंड के इस संदेश में प्रियंका गाँधी वाड्रा ने प्रदेश के युवा, महिला और कमज़ोर तबक़ों से पार्टी के साथ जुड़ने की अपील की है। यह संदेश प्रियंका गाँधी के चीर-परिचित सहज और सरल भाषा में है। प्रियंका पूर्वी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से इस तरह बात कर रही हैं।

‘नमस्कार, मैं प्रियंका गांधी वाड्रा बोल रही हूँ। आप सब से मिलने के लिए मैं लखनऊ आ रही हूँ और मेरे दिल में आशा है कि हम सब मिलकर एक नई राजनीति की शुरुआत करेंगे। एक ऐसी राजनीति जिसमें आप सब भागीदार होंगे। मेरे युवा दोस्त, मेरी बहनें और सबसे कमज़ोर व्यक्ति, सब की आवाज़ सुनाई देगी। आइए, मेरे साथ मिलकर नई राजनीति का निर्माण करें। धन्यवाद।’

सिंधिया के संदेश में शाही अंदाज़ :-
प्रवीर चक्रवर्ती के मुताबिक़ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तीस लाख लोगों को वहाँ के प्रभारी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया का रिकॉर्ड किया गया मैसेज भेजा गया है। 21 सेकंड के इस संदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने शाही अंदाज़ में उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से कांग्रेस के साथ जुड़कर बदलाव लाने की अपील कर रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से सिंधिया ने कुछ इस अंदाज़ में बात की है।

‘नमस्कार, मैं ज्योतिरादित्य सिंधिया बोल रहा हूँ। कल मैं आपके बीच उत्तर प्रदेश आ रहा हूँ। उत्तर प्रदेश के युवा को भविष्य का रास्ता चाहिए और प्रदेश को बदलाव चाहिए। आइए, हमारे साथ जुड़कर उत्तर प्रदेश में बदलाव लाइए। धन्यवाद, जय हिंद।’

सोशल मीडिया के सारे औज़ार अपनाएगी कांग्रेस :-
उत्तर प्रदेश के दौरे से पहले प्रदेश के 60 लाख लोगों को प्रियंका गाँधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की आवाज़ में रिकॉर्ड किया गया संदेश भेजकर कांग्रेस ने यह साफ़ कर दिया है कि अब वह चुनाव में सोशल मीडिया के सारे औज़ार अपनाएगी। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने सभी प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं की बैठक में सोशल मीडिया के ज़्यादा इस्तेमाल पर ज़ोर दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश के दोनों महासचिवों के 20 घंटे पहले दोनों के संदेश को भेजकर कांग्रेस ने उन्हें अपनी तरफ़ खींचने की कोशिश शुरू कर दी है। इसमें उसे कितनी कामयाबी मिल पाएगी यह आने वाला समय ही बताएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.